चंडीगढ़। अगले साल जुलाई में नैक टीम पंजाब यूनिवर्सिटी का दौरा करेगी। इसकी तैयारियों में पीयू अभी से जुट गई हैं। विभागों से कहा गया है कि हाल ही में मंजूर हुए शोध प्रस्ताव, पेटेंट आदि की जानकारी अपलोड की जाए। इसके साथ ही पीयू ने विभागवार बेहतर प्रदर्शन की रिपोर्ट भी देने के लिए कहा है। इसी के साथ विभाग भी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।
नैक का दौरा वर्ष 2015 में हुआ था। उस दौरान कई खामियां मिली थीं और पीयू को उन खामियों को दूर करने के लिए कहा गया था। कई मानकों की पूर्ति के लिए नैक ने सात साल का समय दिया था, जो अगले साल पूरा होने जा रहा है। उसी की तैयारी में पीयू जुटी हुई है।
सूत्रों का कहना है कि शिक्षकों की भर्ती, विभागों के विलय का प्रस्ताव अभी अटका हुआ है। इन प्रस्तावों पर इस साल काम होता भी नहीं दिख रहा है। हालांकि, पीयू इन कामों को पाइप लाइन में बता रही है। इनके अलावा पीयू ने कई मानकों की पूर्ति कर ली है। कुछ हाल ही की उपलब्धियों को अपडेट करने के लिए विभागों से कहा है। पेटेंट की जानकारी जल्द से जल्द सार्वजनिक करने को कहा गया है।