हरियाणा के पांच जिलों में पीटीआई के 1983 पदों के लिए रविवार को परीक्षा हुई। कोरोना महामारी के बावजूद अभ्यर्थियों ने खासा उत्साह दिखाया।
कुल 9294 अभ्यर्थियों में से 7485 ने लिखित परीक्षा दी। अमूमन हरियाणा चयन आयोग की परीक्षाओं में उपस्थिति प्रतिशत 70-75 तक बड़ी मुश्किल से पहुंचती है, लेकिन पीटीआई भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 80 फीसदी से ज्यादा रही। इससे हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग व सरकार उत्साहित है। कोरोना के दौरान यह पहली बड़ी लिखित परीक्षा थी, जिसका आयोग ने संचालन किया है।
पांच जिलों हिसार, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत व कैथल में 95 परीक्षा केंद्र बनाए थे। हिसार जिले में कुल 1945 अभ्यर्थियों में से 1665, करनाल जिले में कुल 1957 अभ्यर्थियों में से 1552, कुरुक्षेत्र जिले में कुल 1974 अभ्यर्थियों में से 1497, पानीपत जिले में कुल 2015 अभ्यर्थियों में से 1619 व कैथल जिले में कुल 1403 अभ्यर्थियों में से 1152 ने परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की थर्मल स्क्त्रस्ीनिंग हुई, उन्हें सैनिटाइज किया गया। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन कराते हुए परीक्षा संपन्न कराई गई।