भत्तों के भुगतान में देरी पर रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदेशभर में आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने कर्मचारियों के लंबित भत्तों और आर्थिक देयों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर सरकार और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई है। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि चालक-परिचालकों सहित कर्मचारियों को लंबे समय से रात्रि ठहराव भत्ता, ओवरटाइम और एलटीसी का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार पंचकूला डिपो का रात्रि ठहराव भत्ता अगस्त 2025 से लंबित है, जबकि ओवरटाइम का भुगतान दिसंबर 2025 से अटका हुआ है। कई कर्मचारियों की एलटीसी राशि भी अब तक जारी नहीं हुई।
सांझा मोर्चा ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत करवाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने पहले भी समय पर भुगतान के निर्देश दिए थे, लेकिन उनका पालन नहीं हो रहा। हर बार बजट की कमी या कैंप लगने का हवाला देकर भुगतान टाल दिया जाता है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मोर्चा नेताओं ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो विभिन्न मंडलों में विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 25 जुलाई को अंबाला छावनी स्थित परिवहन मंत्री के आवास पर न्याय मार्च और प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर संजीव कुमार प्रधान चालक संघ पंचकूला, सुरेंद्र सिंह डीएसओ, संदीप कुमार, सुखदेव, राजेश कुमार, कुलविंदर सिंह, ऋषिपाल, राजकुमार और मंगतराम सहित कई कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।