पंचकूला में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ है। सेक्टर-25 में बच्चों को स्कूल ले जा रही एक ओमनी वैन पलट गई। हादसे में कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के दौरान वहां चीख पुकार मच गई। कई बच्चे सहम गए और रोने लगे। वैन के पलटने की आवाज सुनते ही आसपास रहने वाले कुछ लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने वैन का शीशा तोड़ा और अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में कुल आठ बच्चे घायल हुए हैं।
वहीं, वैन चालक को भी चोटें आई हैं। लोगों ने अपनी गाड़ी में घायल बच्चों को सेक्टर-26 पॉलिक्लीनिक पहुंचा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों व वैन के ड्राइवर को सेक्टर 6 के जनरल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहीं इलाज के बाद ड्राइवर को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
लोगों ने बताया कि चालक मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग कर रहा था। वहीं, वाहन की स्पीड भी ज्यादा थीस जिस वजह से हादसा हुआ। बच्चों के पैरेंट्स ने भी ड्राइवर पर वैन चलाने हुए फोन पर बात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अक्सर वैन चालक वैन चलाने के दौरान फोन पर बात करता है और उसकी वजह से बुधवार की सुबह हादसा हुआ है। डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने बताया कि बच्चों के परिजनों ने वैन के चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के लिए लिखित में दिया है। बच्चे सभी ठीक हैं।
बच्चों के परिजनों ने भवन विद्यालय के जूनियर सेक्शन में पढ़ने वाले 9 बच्चों के पैरेंट्स ने मिलकर एक निजी ओमनी वैन मालिक से बातचीत कर बच्चों को स्कूल लाने व ले जाने के लिए हायर किया था। सुबह करीब आठ बजे बच्चों को घर से लेकर दोपहर करीब एक बजे उन्हें रोजाना वैन चालक ड्रॉप करता था।