संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो के 19वें संस्करण की तैयारियों को लेकर चेयरमैन करण गिल्होत्रा की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा के साथ बैठक की। उन्होंने मंत्री संजीव अरोड़ा की ओर से औद्योगिक कमेटियों का गठन किए जाने की सराहना करते कहा कि पंजाब में यह पहली बार हुआ है जब औद्योगिक पॉलिसी बनाने के लिए उद्योगपतियों की राय ली जा रही है।
करण गिल्होत्रा ने कहा कि पहले जहां पंजाब के उद्योगपति अपना कोई भी उत्पाद मार्केट में उतारने के लिए देश की राजधानी दिल्ली की तरफ जाते थे वहीं अब पाईटैक्स के दौरान भी उत्पादों को पंजाब की मार्केट में उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 19वां पाईटैक्स मेला दिसंबर महीने में अमृतसर में लगेगा और देश-विदेश से स्टाल लगाए जाएंगे। इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य सचिव कमल किशोर यादव, रिजनल डायरेक्टर भारती सूद, पुण्या भाटिया मौजूद थे।