पंचकूला। मोरनी के टिक्करताल में साहसिक खेलों का माहौल सुरक्षा नियमों को मंजूरी मिलते ही बनने लगेगा। सुरक्षा नियमों को मंजूरी मिलते ही साहसिक खेलों की शुरूआत हो जाएगी। मोरनी के युवाओं को बतौर प्रशिक्षक भी प्रशिक्षण दिया गया है। इतना ही नहीं, यहां पर्यटकों के लिए खास व्यवस्था भी की जाएगी। इससे उनको एडवेंचर स्पोर्ट्स की प्रतिभागिता में कोई समस्या न आए। मोरनी के टिक्करताल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पैराग्लाइडिंग, वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी, जेट स्कूटर, पैरा सैलिंग और ट्रैकिंग जैसे साहसिक खेलों के आयोजन को जल्द शुरू करने की घोषणा की है।
एडवेंचर गतिविधियों को संभालने वाले कर्नल नीरज राणा का कहना है कि एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए सुरक्षा नियम बनाकर अधिकारियों को भेजे हैं। मंजूरी मिलते ही यहां एडवेंचर स्पोर्ट्स की गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी। टिक्करताल में ये गतिविधियां हरियाणा टूरिज्म और स्पोर्ट्स विभाग के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। कर्नल नीरज राणा ने बताया कि हरेक एडवेंचर गतिविधियों के लिए ट्रेनर रखे हैं, जो लोगों को ट्रेनिंग देंगे और एडवेंचर स्पोर्ट्स करवाएंगे।
स्थानीय लोगों को मिला रोजगार
पंचकूला में एडवेंचर स्पोर्ट्स की गतिविधियां करवाने के लिए ज्यादातर ट्रेनर मोरनी के रखे हैं। यहां इन युवाओं को बाकायदा प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के बाद उनको इसके लिए लगाया गया है। कर्नल राणा ने बताया कि यहां जिस प्रकार से पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना बनाई जा रही है, उससे हरियाणा के युवाओं को काफी ज्यादा लाभ होने वाला है। उनको रोजगार मिलेगा।