पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से राजीव और इंदिरा कॉलोनियों के निवासियों को सेक्टर-20 में लगभग 3500 फ्लैट्स बनाकर पुर्नवास स्कीम के तहत बसाने के लिए टेंडर आमत्रिंत किए गए हैं। यहां फ्लैट का निर्माण होने से करीब 25 हजार की आबादी का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा, जबकि सेक्टर-20 में वर्तमान में 40 हजार से ज्यादा आबादी है। वार्ड नंबर-14, 20 के पार्षद सुशील गर्ग और सेक्टर-20 निवासी जजपा के जिला शहरी अध्यक्ष ओपी सिहाग ने इस विषय पर बैठक की।
दोनों जजपा नेताओं ने कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का फैसला स्थानीय लोगों के जीवन से खिलवाड़ है। यहां पहले से ही इतनी आबादी है कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। 280 वर्ग फुट में फ्लैट का निर्माण कर राजीव-इंदिरा कॉलोनी के लोगों को बताया गया तो सांस लेना मुश्किल हो जाएगा। वहीं, एक स्लम एरिया से निकल कर दूसरे बड़े स्लम एरिया में जाने का मतलब समझ से परे है। जजपा चाहती है कि राजीव व इंदिरा कॉलोनी के लोग स्वच्छ स्थान पर रहें, जिससे उनके रहन-सहन व जीवन स्तर ऊंचा उठे। एचएसवीपी उनसे सिर्फ करोड़ों की जमीन खाली करवाने के लिए दोबारा से उसी तरह के वातावरण में धकेलना चाहती है।
सस्ती दरों पर अलॉट किए जाएं फ्लैट
सेक्टर-20 की मौजूदा स्थिति सभी को पता है। यहां सेक्टर अपनी कैपेसिटी से दोगुनी आबादी को समेटे हुए हैं। जजपा नेताओं ने सरकार व प्रशासन से मांग की है राजीव, इंदिरा कॉलोनी और सेक्टर-20 के निवासियों पर तरस खाएं। शहर को आज सुंदर व विकसित बनाने में कॉलोनी निवासियों का बहुत बड़ा हाथ है। जजपा जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग ने कहा कि अगर राजीव व इंदिरा कॉलोनियो को खाली कराकर यहां बसाना है तो इनको दूसरी स्लम में न भेजकर इन लोगों को 1150 वर्गफुट साइज के फ्लैट मौजूदा स्थान पर बनाकर सस्ती दरों पर अलॉट किए जाएं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि लोगों की सुविधा के लिए एक नया सेक्टर काटकर कम से कम 100 -100 गज के प्लाट रियायती दर पर उपलब्ध करवाए जाएं।