इनसो के संस्थापक एवं जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला ने बताया कि पांच अगस्त को पार्टी की छात्र इकाई इंडियन नेशनल स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन का स्थापना दिवस है। उन्होंने बताया कि इस बार रोहतक में इनसो का स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। वहीं इनसो स्थापना दिवस पर ही इनसो की नई राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी के गठन करने का फैसले लिए जाएंगे।
दादरी-नूंह में स्थापित होंगी देवीलाल की बड़ी प्रतिमाएं
डॉ. अजय चौटाला ने बताया कि 25 सितंबर को जननायक स्व. चौधरी देवीलाल की जयंती है और उनकी जयंती कार्यक्रम मनाने को लेकर बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा कर सुझाव लिए गए। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के मद्देनजर जयंती कहां और किस रूप में मनाई जाएगी, इसका फैसला परिस्थितियों के मद्देनजर बाद में लिया जाएगा। नूंह और दादरी जिले में ताऊ देवीलाल जी की प्रतिमाएं स्थापित नहीं हैं, इसके लिए पार्टी कार्यकारिणी ने फैसला लिया है कि इन दोनों जिलों में जननायक देवीलाल जी की बड़ी प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी।
सड़क पर बैठने से नहीं, बातचीत से होगा समाधान
अजय चौटाला ने किसान आंदोलन से संबंधित सवाल के जवाब में कहा कि नए कृषि कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन का समाधान सड़क पर बैठकर नहीं बल्कि केंद्र सरकार के साथ बातचीत करके होगा। इस मुद्दे को लेकर पहले ही केंद्र व किसान संगठनों की 11 दौर की चर्चा हो चुकी है और अब आगे चर्चा के जरिए ही इसका समाधान निकलेगा। केंद्र सरकार चर्चा और कानूनों में बदलाव के लिए तैयार है। चौटाला ने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से सबको अपनी बात रखने का पूरा हक है, लेकिन किसी की गाड़ी के शीशे तोड़ना, किसी के दुख-सुख व निजी कार्यक्रमों में जाकर विरोध जताना सही नहीं है, बल्कि अलोकतांत्रिक भी है।
बैठक में पार्टी द्वारा सर्वप्रथम शोक प्रस्ताव पेश किया गया, जिस पर वरिष्ठ नेताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर महान विभूतियों, पार्टी से जुड़े नेताओं-कार्यकर्ताओं एवं उनके परिजनों के निधन तथा शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जजपा प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, राज्यमंत्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार व सतपाल सांगवान, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, वरिष्ठ नेता अनंतराम तंवर, बहन फूलवती, पार्टी प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह समेत जजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सभी जिला प्रधान एवं जिला प्रभारी आदि मौजूद रहे।