आप के सीएम चेहरे के रूप में भगवंत मान के नाम का एलान होने के बाद पंजाब के सियासी दलों पर अब दबाव बढ़ गया है। कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कहा है कि हमारी हाईकमान सयानी है, वह जो भी करेगी, पंजाब के हित में ही होगा। वहीं शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि भगवंत मान अरविंद केजरीवाल की मजबूरी हो गए थे।
इस मामले में वह जो भी करेंगी पंजाब के हित में ही होगा। नवजोत सिंह सिद्धू ने पत्रकारों से सवाल जवाब में कहा कि अब आप को बारात का दूल्हा मिल गया। शादी होगी या नहीं यह तो पंजाब के लोग ही तय करेंगे। दिल्ली अभी दूर है लेकिन मैं भगवंत मान को बधाई देता हूं। सिद्धू ने कहा कि पंजाब के लोगों पर उनका भरोसा है कि वह पंजाब और पंजाब मॉडल को वोट करेंगे।
उन्होंने कहा वह मान के सामने यह बात कह रहे हैं कि और जोर देकर कह रहे हैं कि पार्टी एक सक्षम उम्मीदवार की तलाश में है। यह भी सच है कि आप ने कई संभावित उम्मीदवारों की घोषणा की लेकिन उनमें से प्रत्येक ने पार्टी की अगुवाई से इंकार कर दिया। यही कारण है कि एक सर्वेक्षण के बाद यह जिम्मेदारी भगवंत मान पर थोपी गई है।
नशेड़ी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनना, पंजाब के लिए खतरा: भाजपा
पंजाब भाजपा के प्रदेश महामंत्री जीवन गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल द्वारा भगवंत मान को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किए जाने पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि जिस भगवंत मान ने शराब पीकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की हो, उसे पंजाब के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जा रहा है। पंजाब की राजनीति में इससे बड़ी दुखद बात और क्या हो सकती है।
गुप्ता ने कहा कि भगवंत मान एक भोग के कार्यक्रम के दौरान शराब पीकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हुजूरी में पहुंचकर बेअदबी की थी। इतना ही नहीं कई बार वह संसद में भी शराब पीकर जाने पर वहां पर तैनात मार्शलों ने इन्हें पकड़ा।
भगवंत मान की शराब पीने की आदत के चलते कोई भी पार्टी उन्हें अपनाना नहीं चाहती। जीवन गुप्ता ने कहा कि भगवंत मान जैसे नशेड़ी को पंजाब का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाना केजरीवाल की पंजाब के प्रति गहरी साजिश है।