संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-25 निवासी शुभम यादव ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शुभम ने इसकी शिकायत डीसीपी हिमाद्रि कौशिक को दी है। उन्होंने मामले की जांच एएसपी को सौंप दी है। शुभम ने दी शिकायत में बताया कि वह छात्र है और 26 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे पुस्तकालय सेक्टर-11 से अपने घर कार से जा रहा था। उस समय बहुत तेजी से बारिश हो रही थी।
इसलिए वह कार को बहुत धीरे-धीरे चला रहा था। जब वह सेक्टर-1 व 2 की डिवाइडिंग पर पहुंचा तो अचानक पुलिस ने उसकी कार के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। गाड़ी में से चार से पांच पुलिस कर्मचारी उतरे और पीटने लगे। उसने मामले की जानकारी अपने पिता को दी। पिता ने मौके पर पहुंचकर उसको उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जिन पुलिस कर्मियों ने उसे पीटा वे सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच के थे। शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत डीसीपी को दी।
युवक ने मारपीट की शिकायत दी है। मामले की जांच एएसपी को दी है। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। - हिमाद्रि कौशिक, डीसीपी पंचकूला