पंचकूला। शहर की पुलिस ने बीते दो महीनों में कई आरोपियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। जुलाई और अगस्त माह में पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर कुल 15 अवैध हथियार बरामद किए हैं। इनमें कट्टे, कंट्री मेड पिस्तौल और अन्य धारदार हथियार शामिल हैं। इस कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह अभियान अपराध पर नकेल कसने के मकसद से विशेष रूप से चलाया गया था। क्राइम ब्रांच-26, क्राइम ब्रांच-19 और एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने कई स्थानों से अवैध हथियार जब्त करने के साथ-साथ आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
इन बरामद हथियारों का इस्तेमाल जिले में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की साजिश में किया जा सकता था। ऐसे में समय रहते इनकी बरामदगी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने या सप्लाई करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े मुख्य सरगनाओं तक पहुंच बना ली जाएगी।
आने वाले दिनों में और तेज होगा अभियान
जिले में पिछले कुछ समय से बढ़े आपराधिक घटनाओं को देखते हुए यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि अगर इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर सप्लाई लाइन को काट दिया गया तो भविष्य में होने वाली बड़ी वारदातों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कोट
अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए हमारी टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों और बरामद हथियारों के माध्यम से हम अवैध हथियारों की सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ छोटे सप्लायरों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर भविष्य में आपराधिक घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। -मनप्रीत सिंह सूदन, डीसीपी क्राइम