फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: दहेज प्रताड़ना के मामले में पुलिसकर्मी का नाम एफआईआर में नहीं, दो महिला पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश

विज्ञापन
विज्ञापन
कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने चार दिन में मांगी रिपोर्ट, बोले- अतिक्रमण और अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस
विज्ञापन

एएसआई कविता और एसआई नेहा सिंधु की भूमिका की होगी जांच, दहेज प्रताड़ना मामले में मुख्य आरोपी का नाम एफआईआर में नहीं जोड़ने का आरोप

संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दहेज प्रताड़ना मामले में कार्रवाई नहीं होने और आरोपी का नाम एफआईआर में शामिल न करने पर सख्त रुख अपनाते हुए महिला थाना की एएसआई कविता और एसआई नेहा सिंधु के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने डीसीपी सृष्टि गुप्ता को चार दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश में अतिक्रमण और अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
दहेज प्रताड़ना मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पर्याप्त साक्ष्य और छह लाख रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने के बावजूद मुख्य आरोपी जो वर्तमान में यमुनानगर सीआईए में तैनात पुलिसकर्मी है, का नाम एफआईआर में शामिल नहीं किया गया। इस पर मंत्री ने एएसआई कविता और एसआई नेहा सिंधु की भूमिका की जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विज्ञापन

सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक शिकायत एवं जनसंपर्क समिति की बैठक में मंत्री ने सात शिकायतों में से पांच का मौके पर निस्तारण किया, जबकि दो मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त सतपाल शर्मा, विधायक चंद्रमोहन और कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा भी मौजूद रहीं।
बैठक के दौरान महिला थाना प्रभारी राजेश कुमार जब पुलिस का पक्ष रखने लगे तो मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें प्रक्रिया समझाने की जरूरत नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

खनन क्षेत्रों में बढ़ेंगे नाके
कालका के गांव खेड़ावाली में अवैध खनन की शिकायत पर मंत्री ने पुलिस को नाकों की संख्या बढ़ाने और नियमित गश्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं उपायुक्त के साथ मौके का निरीक्षण करेंगे और किसी अधिकारी की मिलीभगत सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बाहर की दवा लिखने पर होगी कार्रवाई
सेक्टर-3 स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में अनियमितताओं की शिकायत पर मंत्री ने एसडीएम पंचकूला को दो माह तक निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी चिकित्सक मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए लिखता पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है।

अतिक्रमण मुक्त जमीन पर लगेगा बोर्ड
सेक्टर-11 में अतिक्रमण हटाए जाने के बाद मंत्री ने एचएसवीपी और नगर निगम को दोबारा मार्किंग कराने और अतिक्रमण मुक्त भूमि पर बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जे की स्थिति न बने।
विज्ञापन


कटाव रोकने के लिए तटबंध निर्माण शुरू होगा
गांव बड़ौना खुर्द में बरसाती नदी से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बुधवार से तटबंध निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए गए। वहीं गांव रैला और सेक्टर-12 में अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण की शिकायतों की जांच के लिए नगर निगम आयुक्त, एचएसवीपी संपदा अधिकारी, तहसीलदार और एक एमिनेंट पर्सन को शामिल कर चार सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें