पंचकूला। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन लगाया है। प्रशासनिक आदेश का पालन करवाने के लिए शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात हैं, लेकिन यह महज दिखाना साबित हो रहा है। पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते शहर में अधिकांश ठेके बंद हैं, लेकिन चोर रास्ते से शराब की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। इतना ही नहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी सब कुछ देखकर भी कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं। यही कारण है कि ठेके के कारिंदों के हौसले बुलंद हैं। वे बिना किसी डर के चोर रास्ते से शराब की बिक्री कर मोटी कमाई कर रहे हैं।
चंडीगढ़-शिमला रोड स्थित एमडीसी के स्वास्तिक विहार के पास स्थित ठेके पर शनिवार को सारा दिन चोर रास्ते शराब बिकती रही। यहां पर पुलिस जवान भी तैनात थे, लेकिन वह बातचीत में व्यस्त रहे। ऐसा नहीं था कि उन्हें शराब बिक्री की जानकारी नहीं थी, लेकिन उन्होंने ठेके के कारिंदे के खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। इसी तरह सेक्टर-7 और अन्य ठेकों पर चोर रास्ते से खूब शराब बिकी। कुछ लोगों को चोर रास्ते शराब खरीदते अमर उजाला टीम के ने अपने कैमरे में कैद भी कर लिया। हालांकि जैसे ही उन्होंने कैमरा देखा मुंह छिपाकर निकल गए।