पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में शुक्रवार को हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह शुरू होने से पहले एक चौकीदार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर सिविल कपड़ों में तैनात पंचकूला पुलिस के सिपाही अनिल कुमार ने बिना समय गंवाए उसे सीपीआर देना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी की सूझबूझ और तत्परता से चौकीदार को होश आ गया और उसकी जान बचाने में मदद मिली।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार चौकीदार की पहचान यासीन मोहम्मद (52) निवासी रायपुररानी के रूप में हुई है। शुक्रवार को समारोह शुरू होने से पहले अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे जमीन पर गिरता देख मौके पर मौजूद सिपाही अनिल कुमार ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत सीपीआर देना शुरू किया। कुछ देर बाद यासीन को होश आ गया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से सिविल अस्पताल सेक्टर-6 पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।