पंचकूला। कृषि उत्पादों के कारोबार में निवेश कर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर 60 लाख रुपये की ठगी के मामले में महिला वकील सुनीता को अदालत से राहत नहीं मिली। अदालत ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
विज्ञापन
यह मामला सेक्टर-12 स्थित ट्रेडिंग कंपनी के मालिक जगबीर सिंह की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत के अनुसार, मई 2025 में सुनीता और उसके पति प्रवीण सिंह ने दो महीने में 30 लाख रुपये मुनाफा देने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद जगबीर सिंह ने 11 जुलाई 2025 को 50 लाख और अगले दिन 10 लाख रुपये आरटीजीएस से प्रवीण सिंह की फर्म एसएस ट्रेडर्स के खाते में जमा करवाए। आरोप है कि न मूल रकम लौटाई गई और न मुनाफा दिया गया। प्रवीण सिंह को 16 सितंबर को गिरफ्तार किया जा चुका है। सुनीता ने दलील दी कि रकम उसके खाते में नहीं आई और कारोबार से उसका संबंध नहीं है। अदालत ने रकम की बरामदगी और बैंक लेनदेन की जांच के लिए हिरासत में पूछताछ जरूरी मानते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी। संवाद