चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि पुलिस विभाग विशेष रूप से और अधिक जिम्मेवारी व जवाबदेही के साथ कार्य करे। प्रदेश में हर क्षेत्र में बेहतर विकास की संभावनाएं हैं। प्रदेश में जितनी अधिक शांति और सद्भाव की भावना होगी, उतनी ही अधिक प्रगति के मार्ग प्रशस्त होंगे।
दत्तात्रेय ने सोमवार को राजभवन में एडीजीपी सीआईडी आलोक मित्तल से बातचीत में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साइबर, नारकोटिक्स व महिलाओं से जुड़े अपराधों को पूरी तरह नियंत्रित किया जाना चाहिए। इससे कानून व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। मित्तल पहले से तय कार्यक्रम के तहत राज्यपाल से मिलने पहुंचे।
दत्तात्रेय ने कहा कि उनका सबसे अधिक फोकस प्रदेश को नशा-अपराध मुक्त बनाने पर रहेगा। सभी विभागों को स्ट्रीम लाइन करने से विभागीय कार्यकुशलता और सरलता आएगी। साथ ही पारदर्शिता और सुशासन व्यवस्था भी मजबूत होगी। सभी अधिकारी विभागीय समन्वय के साथ जरूरतमंद लोगों को सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाएं।