गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पंजाब पुलिस ने शनिवार को ऑपरेशन सील- तीन चलाया। इसमें चार राज्यों हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ पुलिस को भी शामिल किया गया। ऑपरेशन में 45 लाख की नकदी, 374 ग्राम हेरोइन, 500 ग्राम चरस और 263 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने 40 एफआईआर दर्ज की और 49 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 715 लोगों को हिरासत में लिया है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि राज्य के माहौल को खुशनुमा बनाने के लिए इस तरह की मुहिम आगे भी चलाई जाएगी। पुलिस की कोशिश किसी को परेशान करना नहीं है।
पंजाब पुलिस द्वारा शनिवार को 10 अंतरराज्यीय सीमावर्ती जिलों के प्रवेश/निकास प्वाइंटों पर 70 नाके लगाकर ऑपरेशन चलाया। ये नाके पठानकोट, श्री मुक्तसर साहिब, फाजिल्का, रोपड़, मोहाली, पटियाला, संगरूर, मानसा, होशियारपुर और बठिंडा में लगाए गए। इसमें पड़ोसी राज्य भी शामिल हुए। सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक नाके लगाए गए। इस दौरान पुलिस टीमों ने 5726 वाहनों की जांच की। इनमें से 329 का चालान किया गया, जबकि 25 को जब्त किया गया। साथ ही नकदी व अन्य सामान बरामद किया गया।
स्पेशल डीजीपी (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि ऑपरेशन का उद्देश्य गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के अलावा, नशीली दवाओं और शराब की तस्करी पर नजर रखना था। ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई, साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि आम जनता को कम से कम असुविधा हो। उन्होंने कहा कि इस तरह के ऑपरेशन आगे भी चलाए जाएंगे। पुलिस की कोशिश आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करना है।