पंचकूला। मुख्यमंत्री से गुहार लगाने पहुंची एक महिला को पुलिस ने पकड़ लिया। शाम तक एमडीसी थाने में महिला को बैठाकर रखने के बाद पुलिस ने उसको शाम को छोड़ा। बरवाला निवासी प्रिया का आरोप है कि अक्तूबर में उसके साथ तीन-चार लोगों ने अभद्र व्यवहार किया। उसकी और उसके बेटे की जमकर पिटाई की गई।
यह सारा वाक्या सीसीटीवी कैमरे में कैद है। इसकी शिकायत पंचकूला पुलिस को दी। उसका आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज किया, लेकिन बाद में पुलिस ने धाराएं बदल दीं। इसकी शिकायत उसने सीएम विंडो सहित पंचकूला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
तंग आकर महिला सोमवार को सीएम से फरियाद करने पहुंची। मुख्यमंत्री की नजर महिला पर पड़ती, इससे पहले ही स्थानीय पुलिस ने महिला को पकड़कर जिप्सी में बैठा लिया और थाने लेकर चले गए।