पंचकूला। जिला पुलिस सार्वजनिक स्थल पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने मेें जुटी है। इसी मुहिम के तहत सेक्टर-14 पुलिस ने तीन युवकों को सार्वजनिक स्थल पर नशे में मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और कोविड-19 के उल्लंघन के तहत केस दर्ज किया है। हत्थे चढ़े आरोपियों में पंचकूला के सेक्टर-19 निवासी सौरभ शर्मा, अजनी मिश्रा जिला सोनीपत के बसंत विहार और गन्नौर निवासी राजेंद्र मुदगिल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि वे गश्त पर थे। सेक्टर-14 मार्केट के समीप तीन युवकों ने कार में बैठकर शराब पी रखी थी। पुलिस ने बताया कि वे आपस में मारपीट कर रहे थे। इससे एक युवक के माथे पर चोट लगी हुई थी। पुलिसकर्मियों ने तुरंत बाद तीनों युवकों को काबू कर उनसे पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को अपनी उक्त पहचान बताई। चोटिल युवक की पहचान अजनी मिश्रा के रूप में हुई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोविड-19 और बूथ मार्केट सेक्टर-14 के स्लिप रोड पर खड़े होकर शराब पीने पर आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।