मोरनी। मोरनी के गांवों के लोग बारिश के महीनों में भी पानी के लिए परेशान हैं। पलासरा (ऊपर वाला) लोगों ने बताया कि उनके घर में कई दिन से पानी नहीं आ रहा। इसका कारण पाइप लाइन का जगह-जगह से टूटना है। विभागीय कर्मचारी उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इससे वे काफी परेशान हैं।
गांववासी अंगद ने बताया कि विभाग के अधिकारी इस पाइपलाइन को रिकॉर्ड में न होने की बात कहकर ठीक करने से मना कर रहे हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने विभाग के शिकायत पोर्टल पर शिकायत दी थी इसके बाद उनकी पानी की पाइप लाइन ठीक करवा दी गई। अब उनके दोबारा शिकायत करने पर विभाग के जेई ने फीडबैक में इस पाइप लाइन के रिकॉर्ड में न होने की बात कहकर शिकायत क्लोज करवा दी है।
पिछले कई दिन से प्लास्टिक के पाइप लगाकर स्वयं इस पानी की लाइन की रिपेयर कर रहे हैं। वहीं, ग्रामीण महिला हीरो देवी ने बताया कि उनके घर के आसपास न तो कोई पानी का चश्मा है न बावड़ी है। वह पास में बह रही नदी का गंदा पानी पीने को मजबूर है। उन्हें डर सता रहा है कि पंचकूला के गांव अभयपुर की तरह वे भी डायरिया की चपेट में न आ जाएं। उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों से इस विषय में जांच करके जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने व उन्हें पानी उपलब्ध करवाने की मांग की है।