तीन रुपये तक बढ़े दाम, बढ़ती महंगाई से बिगड़ा घरेलू बजट
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। 15 मई से पेट्रोल करीब 2.99 रुपये और डीजल लगभग 3 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। नई कीमतों के अनुसार शहर में पेट्रोल 99.28 रुपये और डीजल 91.72 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
बताया जा रहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट और ईरान संघर्ष के कारण तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, आम लोगों का कहना है कि पहले से बढ़ी महंगाई के बीच ईंधन के दाम बढ़ने से घरेलू बजट बिगड़ गया है। पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों में नाराजगी देखने को मिली।
लोगों का कहना है कि रोजमर्रा के खर्च पहले ही बढ़ चुके हैं और अब पेट्रोल-डीजल महंगा होने से सफर करना भी मुश्किल होता जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर नौकरीपेशा लोगों, ऑटो चालकों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। शहरवासियों का कहना है कि ईंधन महंगा होने से सब्जियों, दूध और अन्य जरूरी सामान के दाम भी बढ़ेंगे।
गांव कोट निवासी मोहन लाल ने कहा कि हर महीने तनख्वाह वही रहती है, लेकिन पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ऑफिस आने-जाने में ही बड़ा खर्च हो जाता है।
रामगढ़ निवासी नायबदीन ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर सीधे रसोई पर पड़ता है। सब्जियों और राशन के दाम पहले ही बढ़ चुके हैं, अब खर्च और बढ़ेगा।
सेक्टर-15 निवासी मनीष ठाकुर ने कहा कि डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ गया है, जिसका असर व्यापारियों और ग्राहकों दोनों पर पड़ेगा।
वहीं गांव बलौटी के गुरदीप राणा ने कहा कि महंगाई ने पहले ही लोगों की कमर तोड़ रखी है। अब ईंधन महंगा होने से हर सामान के दाम बढ़ेंगे।
सेक्टर-16 निवासी सुभाष पपनेजा ने कहा कि मौजूदा हालात में तेल के दाम बढ़ने का अंदेशा था, लेकिन लोगों को कम हुए कच्चे तेल के दामों का लाभ भी समय-समय पर मिलना चाहिए था।