अगले सप्ताह तक अस्पताल परिसर में मशीनें आने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। माता मनसा देवी क्षेत्र के सेक्टर-5बी के राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में एक्सरे और ईसीजी की भी सुविधा दो सप्ताह में शुरू हो जाएगी। अगले सप्ताह तक अस्पताल परिसर में मशीनें आने की उम्मीद है। माता मनसा देवी क्षेत्र सेक्टर-5बी में स्थित अस्पताल में काफी संख्या में लोग इलाज के लिए आ रहे हैं। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के उप चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव कुमार गर्ग ने बताया कि खांसी, जुकाम, पीठ दर्द, सांस व अन्य बीमारियों के मरीजों कि संख्या लगातार बढ़ रही है। भगंदर और बवासीर के माइनर ऑपरेशन भी अस्पताल में किए जा रहें। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों का भी उपचार किया जाता है। ओपीडी में जांच के साथ आईपीडी 100 बेड की सुविधा की गई है। जहां काया चिकित्सा यानी इंटर्नल मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति तंत्र यानि ऑब्स्टेट्रिक्स और गायनकोलॉजी, शल्य यानी सर्जरी, शालाक्य यानी ईएनटी, पंचकर्म, पीडियाट्रिक्स, फिजियोथेरेपी, त्वचा रोग, थायराइड, उदर रोग के 27 डॉक्टर (रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थीसिया डॉक्टर, पैथोलॉजिस्ट) उपचार कर रहे हैं।
पर्ची के 10 रूपये, दवा मुफ्त
एमडीसी सेक्टर-5बी के राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में उपचार के लिए आने वाले मरीजों का इलाज मुफ्त किया जा रहा है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों को उपचार के लिए 10 रुपये की पर्ची कटवानी पड़ती है। दवा निशुल्क दी जाती है। अस्पताल के लैब में अभी कुछ टेस्ट हो रहे है, बाकि टेस्ट भी जल्द शुरू किए जाएंगे।