कालका। लॉकडाउन में आवश्यक सेवाओं की दुकानें खोलने वाले दुकानदारों का कोरोना टेस्ट किया जाना चाहिए। आवश्यक सेवाओं की दुकानें चलाने वाले दुकानदार रोजाना अपनी दुकानें खोलते और बंद करते हैं। इन्हीं दुकानों से ग्राहक भी खरीदारी करते हैं। ऐसे में उक्त दुकानदार भी सभी तरह के लोगों के संपर्क में आते हैं। इस कारण ऐसे दुकानदारों का भी कोरोना टेस्ट कराना बहुत जरूरी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जो दुकानदार और फल-सब्जी विक्रेता लॉकडाउन में आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवा रहे हैं, उनका भी टेस्ट करवाया जाए ताकि उक्त जगह से सामान लेते वक्त खरीदार को यह तसल्ली रहे की यह जगह समान की खरीदारी के लिए सुरक्षित है। कालका और आसपास के क्षेत्रों में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कोरोना महामारी की चपेट में आने के कारण कई लोग रोजाना अपनी गंवा रहे हैं।
लोग क्या बोले
यह बहुत जरूरी है कि जो दुकानदार आवश्यक सेवाएं दे रहे हैं, वह स्वयं और अपने कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट करवाए ताकि सभी सुरक्षित रह सके। संभव हो तो दुकानदार अपनी निगेटिव रिपोर्ट दुकान के बाहर चस्पा करे जिससे कि खरीदारी करने वाले ग्राहक को भी संतुष्टि हो और वह खरीदारी कर सके। - नरेश धीमान
यह एक अच्छी पहल होगी क्योंकि यदि कोई दुकानदार कोरोना से संक्रमित होता है, तो यह संक्रमण खरीदारी करने वाले लोगों तक भी पहुंच सकता है। प्रशासन से मांग है कि समय-समय पर इन दुकानदारों के टेस्ट होते रहने चाहिए। - संतोष टगरा
दुकानदारों से अपील है कि वे अपना कोरोना टेस्ट अवश्य कराएं। संक्रमण लगातार बढ़ रहा है, इसके मद्देनजर आवश्यक सेवाएं दे रहे सभी दुकानदार अपना टेस्ट करवा लें। ऐसे दुकानदारों की प्रशासन जांच भी करेगा। - राकेश संधू, एसडीएम कालका
उक्त दुकानदार और लोग अपने कोरोना टेस्ट जरूर करवाएं। प्रशासन इसकी समय-समय पर जांच भी करेगा। - एनके पायली, इंसीडेंट कमांडर