पंचकूला। कोरोना वायरस की महामारी से बचाव के लिए प्रदेश में लॉकडाउन है, लेकिन जिनके अपने अन्य जिलों में फंसे हैं या जो कोई अपनों तक पहुंचने के प्रयास में है वे लोग किसी न किसी तरह पलायन करने को विवश हैं। इसके चलते हरियाणा सरकार के अंत्योदय सरल पोर्टल पर पास की सुविधा प्रदान की गई है।
एक जगह से अन्य जगहों पर पलायन के लिए पोर्टल पर बाईं तरफ सबसे ऊपर मूवमेंट पास फॉर कोविड-19 का कॉलम है। उस पर क्लिक करते ही आवेदक को स्वयं से संबंधित जैसे- नाम, पता, आयु, मोबाइल नंबर, वाहन का नंबर, कारण, श्रेणी, यात्रा की समय सीमा, पहचानपत्र, अन्य पता और अतिरिक्त व्यक्ति का नाम, पता, आयु व लिंग की जानकारी अपलोड करनी है। पोर्टल पर गलत जानकारी देने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
वहीं, आपात मेडिकल स्थिति और कोविड-19 की ड्यूटी कर रहे सरकारी कर्मचारियों के लिए पास इलेक्ट्रोनिकली जनरेट होता है, लेकिन पोर्टल पर अपलोड की गई आवेदकों की सभी जानकारी की केस बाय केस स्क्रूटनी की जा रही है। दस्तावेजों की जांच सहित उचित कारण होने पर ही पास जारी किया जाता है। जांच प्रक्रिया में किसी आवेदक द्वारा गलत जानकारी देने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है।
चंडीगढ़ और पंचकूला से लोग पलायन को विवश
पंचकूला और चंडीगढ़ में काफी संख्या में लोग पलायन को विवश हैं। कोई अन्य जिलों व राज्यों में फंसे अपनों को लाना चाहता है तो बहुत से लोग अपनों के पास पहुंचना चाहते हैं। लॉकडाउन से लोग चिंतित है, क्योंकि लॉक डाउन और कर्फ्यू की स्थिति की फिलहाल कोई अंतिम समय सीमा नहीं है। लोगों में चर्चा है कि यह स्थिति फिलहाल लंबे समय तक रह सकती है। इस कारण किसी के बुजुर्ग माता-पिता घरों में अकेले हैं तो कोई पत्नी व छोटे बच्चों को अपने पास लाना चाहता है। इस कारण लोग अंत्योदय पोर्टल पर पास के लिए काफी संख्या में आवेदन कर रहे हैं।