पंचकूला। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिले में वायरस के मरीजों, संदिग्ध व विदेश से लौटने वाले मरीजों के लिए विशेष एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियंस स्टाफ 24 घंटे ड्यूटी पर रहेगा। पंचकूला में एक कोरोना से ग्रस्त मरीज की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा कई ऐसे लोगों की भी जानकारी विभाग के पास आई जो विदेश से लौटे हैं और भविष्य में भी कुछ और के लौटने की उम्मीद है।
इसी को देखते हुए विभाग ने कोरोना मरीज, कोरोना संदिग्ध और विदेश से लौटने वाले लोगों के लिए अलग से एंबुलेंस सेवा शुरू कर दी है जो इनको अस्पताल लाएगी। फिलहाल दो एंबुलेंस विशेष रूप से इस काम लगाई गई हैं। इसके लिए जरूरतमंद को हेल्पलाइन पर कॉल करनी होगी। इसके बाद बताई गई जगह पर विभाग की तरफ से एंबुलेंस भेजी जाएगी और मरीज को अस्पताल पहुंचाएगी।
कोरोना के चलते वर्क लोड बढ़ा
कोरोना के चलते पेशेंट लोड में कुछ इजाफा हुआ है। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी संदिग्धों या फिर विदेश से लौटने वालों को लेकर उनके घरों या फिर ग्रामीण एरिया में विजिट करना पड़ता है। कई बार तो ऐसा होता है कि एक बार से ज्यादा बार विजिट करना पड़ता है। इस वजह से वर्क लोड में इजाफा हुआ है।
कोरोना के बचाव के लिए विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। इसको लेकर अलग से एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है, जिसके तहत 2 एंबुलेंस सिविल अस्पताल में लगाई हैं। बीमारी से प्रभावितों, परिजनों या विदेश से लौटने वाले लोगों को तुरंत अस्पताल लाने का इंतजाम किया जाएगा।
- डॉ. राजीव नरवाल, जिला नोडल अधिकारी