बरवाला। राजकीय महाविद्यालय बरवाला में 32वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र वर्ग में पंकज और छात्रा वर्ग में काजल को सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया। दोनों को महाविद्यालय की ओर से 2500-2500 रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 1500, 1000 और 750 रुपये तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता के निर्देशक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि छात्र वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पंकज प्रथम, शाहिद अली द्वितीय और नवीन कुमार तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में पंकज ने पहला, बासुकी ने दूसरा और तनिष्क ने तीसरा स्थान हासिल किया। शॉट पुट में अभी शर्मा प्रथम, वंश शर्मा द्वितीय और शिवा तृतीय रहे। लंबी कूद में नितिन कुमार प्रथम, नवीन कुमार द्वितीय और वासुकी तृतीय रहे।
छात्रा वर्ग की 100 मीटर दौड़ में काजल प्रथम, शालिनी द्वितीय और अंजलि तृतीय रहीं। 400 मीटर दौड़ में अंजलि ने पहला, शालिनी ने दूसरा और काजल ने तीसरा स्थान हासिल किया। शॉट पुट में मानसी प्रथम, काजल द्वितीय और यशप्रीत तृतीय रहीं। लंबी कूद में काजल प्रथम, शैली द्वितीय और अंजलि तृतीय रहीं। प्रतियोगिता के आयोजन में महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने सहयोग दिया।