पंचकूला। सेक्टर-21 के सार्थक ने मॉडलिंग की दुनिया में टैलेंट का लोहा मनवाते हुए शहर का नाम रोशन किया है। 14 जून को दिल्ली में आयोजित फैशन वीक में सार्थक ने महज 14 साल की उम्र में पहला स्थान हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में पूरे देशभर से करीब 80 छात्रों ने भाग लिया था, जिसमें करीब 30 लड़की और 50 लड़के शामिल थे। सार्थक बॉलीवुड में कॅरिअर बनाना चाहता है।
सार्थक ने बताया कि वह करीब आठ साल की उम्र से मॉडलिंग और एक्टिंग की तैयारी कर रहे हैं। वह करीब पांच साल पहले मॉडलिंग की तैयारी के लिए दिल्ली भी गए थे। जॉन इब्राहिम, शाहरुख खान और अर्जुन रामपाल की एक्टिंग को पसंद करते हैं और उनके जैसा बनना चाहते हैं।
वहीं, सार्थक ने बताया कि उनकी मां टैक्सी ड्राइवर हैं। कई बार वह घर समय से नहीं आती हैं तो खुद खाना भी बनाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि हिमाचल की तरफ से स्विमिंग में नेशनल खेल चुके हैं। साथ ही उनको बास्केट बॉल खेलना काफी पसंद है।
बचपन से था कैमरे का शौक
सार्थक की मां सोनाली ने बताया कि बचपन से ही उसे कैमरे के सामने आने का शौक था। स्कूल के समय से ही वह फोटोशूट और छोटे मॉडलिंग शो में हिस्सा लेता रहा। सोनाली ने कहा कि हम चाहते हैं कि वह पढ़ाई के साथ अपने सपनों को भी पूरा करे। अब उसे फिल्मों से जुड़ी बड़ी कंपनियों के कॉल आने लगे हैं।
फैशन वीक में मिली इस सफलता ने सार्थक के आत्मविश्वास को नई उड़ान दी है। अब उसका सपना है कि वह बॉलीवुड में पहचान बनाए और अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीते। परिवार और दोस्तों को उम्मीद है कि जल्द ही वह सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएगा।
सार्थक की यह उपलब्धि न केवल उसके परिवार के लिए बल्कि पंचकूला के लिए गौरव का विषय है। उसकी मेहनत और सफलता यह संदेश देती है कि अगर जुनून सच्चा हो और लगन पूरी हो, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रह सकता। अब पंचकूला का यह होनहार बेटा बॉलीवुड में धमाल मचाने को तैयार है।