70 करोड़ की लागत से तैयार हुई आठ मंजिला इमारत, 2026 जून तक होंगे सांस्कृतिक और अंतरराष्ट्रीय आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-1 में निर्माणाधीन हैबिटेट सेंटर के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने 2.73 एकड़ क्षेत्र में बेसमेंट सहित आठ मंजिला भव्य इमारत का निर्माण कर लिया है। पहले चरण पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत आई है।
अब विभाग द्वारा फिनिशिंग, पार्किंग एरिया और अन्य सुविधाओं को विकसित करने के लिए दूसरे चरण का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। मंजूरी मिलते ही शेष कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अब तक बेहतर सुविधाओं के कारण अधिकांश सांस्कृतिक कार्यक्रम चंडीगढ़ में आयोजित होते रहे हैं लेकिन हैबिटेट सेंटर के पूरा होने के बाद 2026 से पंचकूला में भी सांस्कृतिक, सामाजिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इससे शहर को नई पहचान और लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यहां न केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, प्रदर्शनियां और निजी आयोजनों के लिए बैंक्वेट हॉल की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा स्वीमिंग पूल, एक्सपो सेंटर, स्टूडियो और आर्ट गैलरी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
ये होंगी प्रमुख सुविधाएं
-होटल, हैबिटेट एवं कन्वेंशन सेंटर
-200 सीटों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑडिटोरियम
-500 लोगों की क्षमता वाला बैंक्वेट हॉल
-हैबिटेट पार्क व ओपन लॉन
-270 वाहनों की पार्किंग
-आर्ट गैलरी, म्यूजिकल फाउंटेन, स्टूडियो
-फूड कोर्ट, एक्सपो सेंटर
-कांफ्रेंस हॉल, क्लब और जिम
-भवन में रहेंगी आधुनिक व्यवस्थाएं
-ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित निर्माण
-एलईडी लाइटिंग और 50 किलोवाट सौर ऊर्जा उत्पादन
-स्मार्ट बिल्डिंग सिस्टम और स्मार्ट कार्ड एंट्री
-पावर बैकअप के लिए गैस जनरेटर
-इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट
-100 फीसदी वातानुकूलित भवन
-सीवरेज का पूर्ण शोधन
-ऑटोमेटिक पार्किंग विद इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले
-सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट
कोट:
सेक्टर-1 में हैबिटेट सेंटर की बेसमेंट सहित आठ मंजिला इमारत तैयार हो चुकी है। दूसरे चरण के लिए एस्टिमेट बनाया जा रहा है। मंजूरी मिलते ही फिनिशिंग वर्क पूरा कर दिया जाएगा। - अशोक कुमार, जूनियर इंजीनियर, एसएसवीपी पंचकूला