कोरोना वायरस फैलने के खौफ से पंचकूला में आयोजित होने वाले दो दिवसीय स्प्रिंग फेस्टिवल को कैंसिल कर दिया गया है। नगर निगम और एचएसवीपी के संयुक्त तत्वाधान में 14 और 15 मार्च को इसका आयोजन सेक्टर -5 टाउन पार्क में किया जाना था। कोरोना के मामले देश में कई जगह सामने आने के बाद इस फेस्टिवल को कैंसिल कर दिया गया है।
इसके लिए पंचकूला सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, हुडा एडमिनिस्ट्रेटर, पंचकूला के उपायुक्त सहित नगर निगम और एचएसवीपी के अधिकारियों के नाम पत्र लिखा था। मीटिंग के बाद इसे कैंसिल करने का फैसला किया गया है। लिखे लेटर में मांग की गई थी कि कोरोना वायरस के एहतियात के चलते भीड़ वाले फेस्टिवल नहीं होने चाहिए। इसी को देखकर प्रशासन ने इसे कैंसिल करने का फैसला किया है।
नहीं होगा अब कोई कंप्टीशन
नगर निगम एवं शहरी विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में स्प्रिंग फेस्टिवल में 14 मार्च को रंगोली, पेंटिंग, पॉट, फेस एवं टैटू पेंटिंग, पर्यावरण प्रश्नोत्तरी, मेहंदी, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन बंद कर दिया गया है। वहीं 15 मार्च को ड्यूट डांस, बेबी शो, मोनो एक्टिंग, फैशन शो, सेल्फी कंप्टीशन, सोलो सिंगिंग व फॉक डांस प्रतियोगिताएं नहीं होगी।
इसके अलावा मेले में घरों में उगाऐ जाने वाले पोट, प्लांटस, रंगोली प्रतियोगिता तथा कट फ्लावर का प्रबंधन तथा स्वस्थ बच्चों के शो का आयोजन बंद किया गया है। एचएसवीपी की संपदा अधिकारी ममता शर्मा ने बताया कि इस वसंत उत्सव को मनोरंजन से भरपूर बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। इसके अलावा डिसप्ले ऑफ हॉट एयर बैलून, जॉय राइडस की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। उत्सव में विभिन्न प्रकार के सामान खरीदने एवं खाने-पीने की स्टाल भी नहीं लगाई जाएगी।
प्रशासन का जताया आभार
पंचकूला सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एसके नैय्यर ने कहा कि प्रशासन की ओर से कोरोना के खौफ को लेकर बेहतरीन कदम उठाए गए हैं। इस फेस्टिवल में लोग जाते उन्हें इंफेक्शन का खतरा था। अब लोग सुरक्षित रहेंगे। प्रशासन के संबंधित विभागों ने बेहतरीन कदम उठाया है। स्प्रिंग फेस्टिवल का आयोजन लोगों की सुरक्षा को लेकर कैंसिल कर लिया गया है। इस बार किसी भी प्रतियोगिता का आयोजन नहीं किया जाएगा। मुकेश कुमार अहूजा, उपायुक्त, जिला प्रशासन, पंचकूला