आम आदमी पार्टी की ओर से वीरवार को प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला प्रधान निपुण कपूर ने कहा कि हरियाणा में भाजपा के कथित गो रक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर की जा रही राजनीति का भंडाफोड़ करने के लिए पार्टी शुक्रवार को हरियाणा मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद के नेतृत्व में होने जा रहे विधानसभा घेराव में पंचकूला सहित हरियाणा भर से आप कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसी दिन पार्टी के नेता हरियाणा के मुख्यमंत्री को गो की एक मूर्ति भेंट करेंगे, ताकि उन्हें गाय के प्रति उनके संकल्प की याद दिलाई जा सके। निपुण कपूर ने बताया कि आप भाजपा के बेरोजगारी भत्ता, भर्ती घोटाला, स्वामीनाथन रिपेार्ट फसल बीमा योजना, बुढ़ापा पेंशन, महंगाई, बिजली, पानी, खराब शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं, महिला सुरक्षा व खराब कानून व्यवस्था, टोल टैक्स हटाओ और चंडी कोटला का पुनर्निर्माण का भी पोल खोलेगी। सत्ता में आने से पूर्व भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की बात करते हुए उन्हें बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी, मगर सत्ता में आने के बाद पार्टी इस बारे में अब कोई बात तक नहीं करती। युवाओं को रोजगार देने के मामले में भी धोखाधड़ी की जा रही है।