आरती और प्रीति ने रजत पदक हासिल किए, न्यू चंडीगढ़ में हुई प्रतियोगिता
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। न्यू चंडीगढ़ में रविवार को आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता में पंचकूला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम की साइकिलिंग नर्सरी के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल किए। भानु ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि आरती और प्रीति ने रजत पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-12 और अंडर-15 वर्ग की लड़कियों के लिए 10 किलोमीटर, जबकि अंडर-15 लड़कों के लिए 15 किलोमीटर की साइकिलिंग दौड़ आयोजित की गई। खिलाड़ियों ने अपनी गति, संतुलन और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया।
साइकिलिंग कोच अजीत सिंह ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। नर्सरी के खिलाड़ियों की उपलब्धि से खेल परिसर में खुशी का माहौल है।