डीसी मनदीप सिंह बराड़ के तल्ख तेवर का असर यह हुआ कि सेक्टर-20 स्थित अनाज मंडी में मंगलवार देर रात को ही बारदाना पहुंच गया। इतना ही नहीं पंचकूला मार्केट कमेटी के सचिव अजय संधू देर रात ही रिलीव हो गए और बुधवार सुबह नए सचिव धर्मेंद्र पाल ने कार्यभार संभाल लिया।
धर्मेंद्र पाल इससे पहले नारायणगढ़ में मार्केट कमेटी के सचिव पद पर कार्यरत थे। मंडी में बारदाना पहुंचने और गेहूं की खरीदारी शुरू होने से किसानों के चेहरे खिल गए। लेकिन जब मौसम का मिजाज बदला तो चेहरे मुरझा गए। मंडी पहुंचा किसानों का ये सोना खुले में सफाई व सुखाने के लिए रखा हुआ है, मगर आकाश में छाए काले बादलों को आज का दिन फसल को ढकने और खोलकर फैलाने में ही गुजर गया।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने ही मंडी में बारदाना न पहुंचने के कारण गेहूं की खरीदारी शुरू न होने का खुलासा किया था। जैसे ही यह मामला डीसी मनदीप सिंह बराड़ के संज्ञान में आया वह हरकत में आ गए। उन्होंने मंगलवार रात ही एसडीएम राधिका सिंह, डीएम वाईपी सिंह सहित अन्य अधिकारी के साथ मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सब कुछ वैसे ही मिला जैसा कि अमर उजाला ने बताया था। इस पर उनके तेवर तल्ख हो गए और उन्होंने मौके पर ही मार्केट कमेटी सचिव अजय संधू को तलब किया था। डीसी ने मंडी में खरीद और बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था न होने पर संधू को चार्जशीट करने की सिफारिश भी मुख्य प्रशासक से की थी। डीसी की फटकार के बाद मंगलवार रात को ही मंडी में बारदाना पहुंच गया था।
एजेंसी नहीं, सचिव पर गिरी गाज
देर शाम डीसी ने औचक निरीक्षण के दौरान सचिव को मंडी में तलब किया था। मंडी के कुछ आढ़तियों और सचिव कार्यालय में आज यह सुगबुगाहट भी रही कि बारदाना और खरीद प्रक्रिया शुरू न होने के लिए संबंधित खरीद एजेंसी हरियाणा वेयर हाउसिंग के डीएम की जिम्मेदारी बनती थी, लेकिन एजेंसी के खिलाफ कोई कार्रवाई न करके सचिव को बलि का बकरा बनाया गया।
क्यों गुस्साए डीसी बराड़
जानकारी ये भी मिली है कि डीसी ने मार्केट कमेटी के सचिव पर ये कार्रवाई इसलिए की है कि उन्होंने खरीद को लेकर जब रिपोर्ट सचिव से मांगी थी तो उन्होंने सब कुछ ठीक चलने की बात कही थी। लेकिन औचक निरीक्षण के दौरान रिपोर्ट जब गलत मिली तो डीसी तमतमा गए और उन्होंने लापरवाही के लिए सख्त एक्शन लिया।
212 मिट्रिक टन गेहूं की हुई आवक-डीसी
उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि गत दिवस तक जिला की मंडियों में 212 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई। बरवाला अनाजमंडी में 170 मीट्रिक टन गेंहू की आवक हुई, सरकारी एजेंसी हैफेड द्वारा खरीदी गई। इसी प्रकार पंचकूला अनाज मंडी में 42 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई, जो हरियाणा वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन द्वारा खरीदी गई। उपायुक्त ने उपमंडल अधिकारी नागरिक को निर्देश दिए कि वे नियमित मंडियों का दौरा कर निरीक्षण करें ताकि किसानों को अपना उत्पाद बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।