सिटी को बनाएं सुंदर, खनन पर लगाएं रोक
- फोटो : अमर उजाला
सीएम विंडो पर मिलने वाली शिकायतों का जल्द निपटारा होना जाना चाहिए। यह कहना है उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ का। इसके साथ ही उन्होंने खनन पर रोक लगाने और सिटी की सड़कों की रिकारपेटिंग करने के साथ ही सिटी का सौंदर्यीकरण करने के लिए भी निर्देश जारी किए।
डीसी ने पंचकूला के लघु सचिवालय में आयोजित मासिक बैठक के दौरान सभी विभागों के अधिकारियों को सीएम विंडो पर मिलने वाली शिकायतों का जल्द निपटारा करने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही अधिकारियों से अपने कार्यालयों में रोजाना सुबह 11 से 12 बजे तक लोगों की समस्या सुनने के लिए मौजूद रहने के आदेश दिए।
मंदीप सिंह बराड़ ने मासिक बैठक के दौरान वन अधिकारी को हर घर हरियाली योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा घरों को कवर करके पौधारोपण करवाने और पौधों की उचित देखभाल के निर्देश किए। उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम से पहले सड़कों की मरम्मत का काम पूरा करवाएं। इसके लिए टेंडर संबंधी कार्रवाई जल्द पूरी करें। उन्होंने हुडा के हार्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह निगम के साथ मिलकर शहर के सौंदर्यीकरण और पेड़ों की छंटाई करें।
पेयजल व्यवस्था करें सुनिश्चित
डीसी ने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि गर्मियों के मौसम में जिला में विशेषकर मोरनी जैसी पहाड़ी क्षेत्र मेें पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करवाएं। कहीं पर भी पानी आपूर्ति में बाधा नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी विभाग के सरकारी भवन का बिजली बिल पेडिंग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। उन्होंन तहसीलों में अपाइंटमेंट सिस्टम को और मजबूत करने के भी निर्देश दिए।
यह मौजूद रहे मीटिंग के दौरान
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त अनिल धवन, अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा, एसडीएम कालका आशुतोष राजन, एसडीएम पंचकूला राधिका सिंह, सीटीएम ममता शर्मा व एसीपी कृष्ण कुमार उपस्थित थे।