रायपुररानी। थाना क्षेत्र रायपुररानी के गांव दंदलावड़ में रविवार को पंचायत के दौरान विवाद के बीच एक व्यक्ति के पास से अफीम बरामद हुई। यह पंचायत गांव के बाबा दूधाधारी मंदिर के प्रांगण में चल रही थी। यहां पेड़ काटने और मंदिर की बिजली काटे जाने के मुद्दे पर पंचायत बुलाई गई थी।
जानकारी के अनुसार पंचायत में मनोज कुमार सहित गांव के मौजिज रोहित सैनी, मनीष कुमार, नरेश कुमार और रवि सैनी पंचायत में उपस्थित थे। पंचायत का मुख्य उद्देश्य गांव की शामलात भूमि के पेड़ों की अवैध कटाई और मंदिर की बिजली कटने की जांच करना था। पंचायत के दौरान बाबू राम भी अपनी मोटरसाइकिल (एचआर-03एन-8952) के साथ वहां पहुंचा।
पंचायत में मंदिर की बिजली काटने के विषय पर बाबू राम से सवाल किए गए तो उसने गुस्से में आकर पंचायत में अपशब्द कहना शुरू कर दिया।
पंचायत के सदस्यों ने उसे शांत करने की कोशिश की लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। माहौल खराब होते देख रवि सैनी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और पंचायत के लोगों की मौजूदगी में बाबू राम को हिरासत में ले लिया गया।बाबू राम ने पुलिस से बाइक की देखभाल की बात कही। जब पुलिस ने ग्रामीणों के कहने पर मोटरसाइकिल की जांच की, तो उसमें लगी पेटी से अफीम बरामद हुई। पुलिस आरोपी बाबू राम और उसकी मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने ले गई।