पंचकूला। सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल के लैब में ब्लड सैंपल की जांच को लेकर वीरवार की सुबह जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद लैब का काम काफी देर तक प्रभावित रहा। अस्पताल के सूत्रों के मुुताबिक अस्पताल की इमरजेंसी में एक दाखिला मरीज का तीमारदार सुबह करीब 4 बजे लैब में ब्लड सैंपल की जांच के लिए पहुंचा, लेकिन यहां पर उस समय उसे कोई कर्मचारी नहीं मिला। काफी देर इंतजार के बाद उसे मेडिकल की एक छात्रा दिखी, जिसके बाद दोनों में ब्लड सैंपल को लेकर बहस हो गई।
इस दौरान मेडिकल छात्रा ने आरोप लगाया कि युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था, जबकि, युवक का आरोप था कि छात्रा ने उसके मोबाइल पर हाथ मारा और मोबाइल गिर गया। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई, जिसके बाद दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करवाया गया। युवक का कहना था कि उसका मरीज गंभीर हालत में था। लैब में सैंपल लेने के लिए वो कर्मचारियों को ढूंढ रहा था। लैब इंचार्ज ने कर्मचारियों और मेडिकल स्टूडेंट्स को समझाया, उसके बाद सुबह 11 बजे सभी कर्मचारी काम पर लौटे।
लैब में एक मेडिकल छात्रा और किसी मरीज के तीमारदार के बीच सैंपलिंग को लेकर बहस हो गई थी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया और दोनों पक्षों से बात भी गई। लैब इंचार्ज को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी लिया था। पता चला था कि कर्मचारियों ने महिला थाने में भी शिकायत दी थी, लेकिन अब दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। - डॉ. सुवीर सक्सेना, पीएमओ, नागरिक अस्पताल पंचकूला।