पिंजौर। पिंजौर बिटना रोड पर स्थित बिटना कॉलोनी में एक मकान के ऊपर लगाए जा रहे मोबाइल टावर के विरोध में कॉलोनीवासी एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पिंजौर थाना पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने लोगों को शांत करवाया और समस्या को एसडीएम के समक्ष रखने को कहा।
कॉलोनीवासी अशोक कुमार, विजय कुमार, बनारसी दास, रामपाल वर्मा, मंगतराम, अनिल कुमार, राजेश कुमार शर्मा आदि ने बताया कि कॉलोनी में एक घर के ऊपर मोबाइल टावर लगाया जा रहा है। इससे निकलने वाले रेडिएशन बच्चों सहित कॉलोनीवासियों के लिए हानिकारक हैं। इसलिए रिहायशी एरिया में मोबाइल टावर ना लगाया जाए। टावर के विरोध में लोग कॉलोनी में एकत्रित हो गए और टावर लगाने की प्रक्रिया को रोकने के लिए मांग की। कॉलोनीवासियों ने जेजेपी नेता हनी सिंह को मौके पर बुलाया। उन्होंने लोगों को मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन ने धारा 144 और लॉकडाउन लगाया है। इसलिए मौके पर अधिक संख्या में एकत्रित होना सही नहीं है। नेता व थाना प्रभारी की बात को गंभीरता से लेते हुए लोग मौके से अपने घर चले गए।