चंडीगढ़। रीसाइक्लिंग और जाली बिलिंग मामलों के लिए बनाए गए 150 उड़न दस्तों की कार्रवाई 31 दिसंबर तक जारी रखी जाएगी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री भारत भूषण आशू ने अधिकारियों को इसके आदेश जारी कर दिए हैं। वीरवार को भी शंभू सीमा पर उड़न दस्तों ने एक ट्रक जब्त कर लिया। अब तक ऐसे मामलों में विभाग की ओर से 7 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
विभागीय मंत्री आशू ने बताया कि पटियाला जिले के शंभू सीमा पर यह ट्रक जब्त किया गया है। इसमें 254.50 किलो परमल धान दसमेश एग्रो फूड लुधियाना के नाम की जाली फर्म के नाम पर लाया जा रहा था। जब इस फर्म संबंधी सचिव मार्केट कमेटी लुधियाना से पता किया गया तो उन्होंने इस नाम की कोई भी फर्म जिले में रजिस्टर्ड होने से इनकार किया। इस संबंधी कानूनी कार्रवाई करते हुए ट्रक नंबर एमपी 07 एचबी 4072 को जब्त करके चालक हरमीत पाल के विरुद्ध पर्चा दर्ज कर दिया गया। पंजाब में इस समय 150 उड़न दस्ते बनाए गए हैं। इनमें करीब 1500 अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे काम कर रहे हैं। इन दस्तों द्वारा अब तक सात पर्चे दर्ज करवाए जा चुके हैं और ये उड़न दस्ते कम से कम 31 दिसंबर तक अपनी कार्रवाई जारी रखेंगे।