संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। ऑपरेशन आक्रमण 13 के तहत पुलिस की टीमों ने छापा मारकर 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर 16 मामले दर्ज किए हैं। डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर वीरेंद्र सांगवान ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों और क्राइम ब्रांच यूनिट के सहयोग से आपरेशन सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक चलाया गया। इसमें नशा तस्करी के पांच मामले दर्ज करके पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों से 36.92 ग्राम हेरोइन, एक किलो 880 ग्राम गांजा, 242 ग्राम चरस, 1920 नशीले टेबलेट, 6240 कैप्सूल, नशीली दवाई की 50 बोतलें बरामद की। पुलिस की टीम ने पब्लिक प्लेस पर जुआ खेलने के मामले में पांच मामले दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। जुआ खेलने वाले आरोपियों से 10,820 रुपये और चोरी की दो एक्टिवा बरामद की। पुलिस की टीमों ने 10 उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।