पंचकूला, कालका, बरवाला और रायपुररानी बस स्टैंड की संपत्तियां 1 अक्तूबर 2026 से किराये पर दी जाएंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हरियाणा रोडवेज की ओर से पंचकूला, कालका, बरवाला और रायपुररानी बस स्टैंड की खाली दुकानों और पार्किंग को किराये पर देने के लिए खुली नीलामी कराई जाएगी। नीलामी 2 सितंबर को सुबह 11 बजे पंचकूला बस स्टैंड में होगी। दुकानों और पार्किंग को 1 अक्तूबर 2026 से 31 मार्च 2028 तक की अवधि के लिए किराये पर दिया जाएगा।
हरियाणा राज्य परिवहन पंचकूला के महाप्रबंधक सुखदेव सिंह ने बताया कि इच्छुक बोलीदाता निर्धारित समय और स्थान पर पहुंचकर नीलामी में भाग ले सकते हैं। नीलामी से संबंधित नियम और शर्तों की प्रति किसी भी कार्यदिवस में महाप्रबंधक कार्यालय, नवनिर्मित कर्मशाला, औद्योगिक क्षेत्र फेज-2, पंचकूला से प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए 500 रुपये का भुगतान और स्थायी पते से संबंधित दस्तावेज की छायाप्रति जमा करवानी होगी।
नीलामी में शामिल होने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की हस्ताक्षरित छायाप्रति संबंधित कर्मचारी के पास जमा करवानी होगी। इसके अलावा निर्धारित धरोहर राशि पंचकूला के कैशियर के पास जमा करनी होगी।