पंचकूला। उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में दो सप्ताह के दौरान कोरोना के मामलों में भारी कमी आई है। पॉजिटिव मामलों में औसत 5 से कम रही हैं। सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में ओपीडी सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं। प्रतिदिन करीब 2200 मरीज सुबह और शाम ओपीडी में आ रहे हैं। इसके अलावा प्रतिदिन लगभग 750 आरटीपीसीआर सैंपल लिए जा रहे हैं।
पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मंगलवार को चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेेंसिंग के माध्यम से ट्राई सिटी में कोविड-19 के संबंध में पंचकूला, चंडीगढ़ व मोहाली के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पीजीआईएमईआर चंडीगढ़, जीएमसीएच सेक्टर-16 और जीएमसीएच सेक्टर-32 के वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ बैठक की अध्यक्षता कर जानकारी ली। बैठक में उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने अवगत कराया कि यह संतोष की बात है कि जिले में कोरोना का रिकवरी रेट 98.7 प्रतिशत है। जिले में मिक्योरमाईकोसिस (ब्लैक फंगस) के पांच सक्रिय मामले हैं, जिसमें से केवल एक मरीज पंचकूला का है। विनय प्रताप सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा के तहत रियायतें बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता, पीएमओ डॉ. सुवीर सक्सेना भी उपस्थित रहे।