पंचकूला। नगर निगम ने एक बार फिर तीन बड़ी मोबाइल कंपनियों पर कार्रवाई की है। इन कंपनियों ने शहर में मोबाइल लाइन और टावर लगाने की एक करोड़ की फीस जमा नहीं कराई है। इस कारण नगर निगम की टीम ने इन कंपनियों के मोबाइल टावर कनेक्शन और लाइन काट दी हैं। जानकारी के अनुसार नगर निगम के इंफोर्समेंट विंग के इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के साथ मिलकर यह अभियान चलाया है। अभियान के तहत आइडिया, वोडाफोन और जिओ कंपनी पर कार्रवाई की गई है।
इन कंपनियों ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सीवर लाइन के अंदर तार बिछा रखी थीं। कंपनियों ने नगर निगम से 10 मैनहोल में तार बिछाने की परमिशन ली थी, लेकिन नगर निगम ने सर्वे करवाया, तो पता चला कि कंपनियों ने दोगुना तार बिछा दी हैं। इसके बाद इन कंपनियों को नोटिस दिया गया था, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब कंपनियों की तरफ से नहीं मिला। नगर निगम के एक्सईएन प्रमोद कुमार की देखरेख में इंफोर्समेंट टीम के सुपरवाइजर मोहन लाल, एपीओ मानविंद्र सिंह, जयवीर सिंह और पुनीत बंसल के साथ पहले सेक्टर -4 पहुंचे। वहां पर आइडिया और वोडाफोन कंपनी की लाइन काटी गई। इसके बाद सेक्टर- 16, 20, 21 और 26 में जिओ, आइडिया और वोडाफोन के टावर और लाइन काट दी गई। इन कंपनियों से नगर निगम ने एक करोड़ रुपये की राशि वसूलनी है।
पिछले एक साल में पंचकूला के महापौर कुलभषण गोयल के कार्यभार संभालने के बाद इन कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अलग-अलग कंपनियां अब तक एक साल में 18 करोड़ रुपये की राशि भी जमा करवा चुकी हैं। अभी भी नगर निगम ने लगभग 30 से 32 करोड़ रुपये कंपनियों से वसूलने हैं। इससे पहले लगभग चार बार विभिन्न मोबाइल कंपनियों के टावर और लाइन काटी जा चुकी हैं। महापौर कुलभूषण गोयल ने मोबाइल कंपनियों से आग्रह किया है कि वह बकाया राशि जमा करवाएं, ताकि कंपनियों और जनता को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। हमारा मकसद किसी को तंग करना नहीं है, लेकिन नियमानुसार हिदायतों का पालन करना भी कंपनियों की जिम्मेदारी है।