पंचकूला। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और रामगढ़ पुलिस ने 245 पेटी शराब से भरा ट्रक बरामद कर व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनोज कुमार निवासी माईधमियाना तहसील हसनगंज जिला उन्नाव उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
आरोपी को पुलिस ने जिला अदालत में पेश किया जहां से उसे एक दिन का रिमांड मिला है। वहीं, ट्रक में मौजूद अन्य तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने भागे आरोपियों अरविंद कुमार, पवन बंसल और तरसेम पर केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक 12 फरवरी को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम गश्त करते हुए रामगढ़ बस अड्डा के पास मौजूद थी। शाम को 6 बजे गुप्त सूचना मिली कि आरोपी पिकअप गाड़ी में बिना परमिट के बीयर व शराब भरकर मट्टावाला से होकर रायपुररानी ठेका पर ले जा रहा है। पुलिस ने पीछा कर आरोपी को मौके से पकड़ा और ट्रक की तलाशी लेने पर 245 पेटी शराब बरामद की र्गईं। आरोपी के पास इस संबंधी कोई परमिट नहीं था।