पंचकूला। फर्जी तरीके से जमीन के बिक्री समझौते और आर्थिक लेन देन में धोखाधड़ी के आरोप में आर्थिक अपराध शाखा ने अशोक कुमार रामगढ़ निवासी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस ने तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।
शिकायतकर्ता राहुल कुमार ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद ससुराल पक्ष ने पारिवारिक संबंधों का लाभ उठाकर कई चरणों में लाखों रुपये लिए। बाद में पंचकूला जिले की जमीन का फर्जी सौदा कर धोखाधड़ी की। बाद में जमीन का वास्तविक मालिक कोई और निकला। पीड़ित की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी। पुलिस अब फर्जी एग्रीमेंट, पैसे के लेन-देन और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।