पिंजौर/मोरनी। पिंजौर, मोरनी और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार शाम को करीब डेढ़ घंटे मूसलाधार बारिश हुई। बारिश का पानी दुकानों, घरों, शोरूमों में घुस गया। नालों की सफाई नहीं होने के कारण सड़कों और गलियों में जलप्रवाह देखने को मिला। इस दौरान वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिंजौर शहर में कई जगह नाले और नालियां गंदगी से अटी होने के कारण पानी सड़क और पक्की गलियों में बहता रहा। धर्मपुर कांगूवाला रोड पर बरसाती पानी सड़कों पर बह रहा था। निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पिंजौर कालका रोड पर स्थित कई दुकानों और घरों में पानी घुस गया। लोगों का कहना था कि कुछ दुकानों के आगे नालों के ऊपर दुकानदारों ने सीमेंटेड रैंप बना लिए हैं। इसके चलते सफाईकर्मी नालों की सफाई नहीं कर पाते। इस वजह से सभी जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
यहां हालात हुए बदतर
पिंजौर की शिव शक्ति कालोनी की मेन एंट्रेंस का रास्ता भारी बारिश के कारण नाले में तब्दील हो गई। इसकी सूचना मिलने पर एनएसयूआई आरटीआई सेल के राष्ट्रीय कन्वीनर एवं युवा नेता दीपांशु बंसल मौके पर पहुंचे। बंसल के अनुसार आलम यह था कि जिस प्रकार बार्डर पर लोग दोनों तरफ खड़े रहते हैं उस प्रकार कालोनीवासी दोनों तरफ फंस गए। लोगों की खड़ी गाड़ियां तक बहने लगी पर लेकिन हैरानी की बात यह है कि घंटों तक खबर लिखे जाने तक कोई अफसर या अधिकारी मौके पर नही पहुंचा। तेज बारिश में लोगों ने जान हथेली पर रखकर पानी को बड़ी मुश्किल से पार किया और काफी समय तक लोगों की गाड़ियां मेन रोड पर फंसी रही।