पंचकूला। राजकीय प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान मोरनी हिल्स से वर्ष 1996 से 2000 के बीच प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले तीन बैचों का छठा पूर्व छात्राध्यापक मिलन समारोह टिकरी रिजॉर्ट में हुआ। हरियाणा के विभिन्न जिलों से पहुंचे 50 से अधिक पूर्व छात्राध्यापकों ने वर्षों बाद मिलकर प्रशिक्षण के दिनों की यादें ताजा कीं।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, मां सरस्वती पूजन और महर्षि वाल्मीकि को नमन के साथ हुआ। सबसे भावुक पल तब आया जब साथी करीब 28 वर्ष बाद अपने प्रथम व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान पहुंचे। पुरानी इमारत और कक्षाओं को देखकर कई पूर्व छात्राध्यापक भावुक हो गए। उन्होंने संस्थान की मिट्टी को नमन कर शिक्षक बनने के शुरुआती दौर को याद किया।
दर्शन यादव ने मंच संचालन किया, जबकि राम कुमार वर्मा राम ने शायराना अंदाज में साथियों का परिचय कराया। उनके हास्यपूर्ण अंदाज से माहौल ठहाकों और तालियों से गूंज उठा। रात्रि भोजन के बाद सांस्कृतिक संध्या में हरियाणवी रागनियों, भजन, गीत, गजल और साहित्यिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
आयोजकों ने बताया कि इससे पहले पांच मिलन समारोह विभिन्न जिलों में हो चुके हैं। सभी की सहमति से अगला मिलन समारोह भी मोरनी हिल्स में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।