संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा जिला पंचकूला की बैठक जिला प्रधान जयचंद की अध्यक्षता में हुई। जिला व राज्य सचिव लच्छी राम शर्मा ने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, निर्माण मजदूरों को दर-दर की ठोकरें खाने पर मजबूर कर दिया है। इस कारण 11 जुलाई को जिला उपायुक्त कार्यालय पंचकूला में 24 घंटे का पड़ाव और 24 जुलाई को श्रम कल्याण बोर्ड सेक्टर-4 पंचकूला में अनिश्चितकालीन पड़ाव डाला जाएगा।
लच्छी राम शर्मा ने बताया कि निर्माण मजदूरों के काम की 90 दिन का सत्यापन पहले जो यूनियन करती थी, अब उसकी जिम्मेदारी पंचायत सचिव, नगर निगम के जेई, लेबर इंस्पेक्टर, पटवारी कानूनगो को सौंपी हुई है। निर्माण मजदूर दिहाड़ी तोड़कर दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर थक गए हैं लेकिन उनका सत्यापन नहीं कर रहे हैं। इस कारण निर्माण मजदूरों को बोर्ड से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।बैठक में मेहर चंद, रफी, सोमनाथ, गुलजार, उजागर सिंह, किरण ने भाग लिया।