पंचकूला। सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में सरकार की ओर से निर्देशित समाधान शिविर में उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने निशा देवी निवासी मोरनी के गांव भोज कोटी और दारडा में पीने के पानी की पाइपलाइन की व्यवस्था न होने की शिकायत पर पब्लिक हेल्थ को जांच कर मामले की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद शिविर से जुड़कर शिविरों में सुनी जा रही समस्याओं की मॉनिटरिंग करते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, जमीन की रजिस्ट्री, नक्शे की मंजूरी, पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक नितरण व्यवस्था, अपराध, बिजली- पानी संबंधी आदि शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है। उपायुक्त ने सोमवार को जिले के 17 लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर नगराधीश विश्वनाथ सिंह, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, जिला विकास एवं पंचायत विभाग, आयुष विभाग, जिला परिषद, पीएचईडी विभाग, एमआई काडा विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग,, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मत्सय विभाग, पुलिस विभाग, माईनिंग, पीडब्लयूडी बीएंड आर, सिंचाई विभाग, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, यूएचबीवीएन, नगर निगम कालका व पंचकूला के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।