चंडीगढ़। पंजाब में राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा (एनटीएसई) प्राथमिक में 104 विद्यार्थियों ने 100 फीसदी अंक हासिल किए। परीक्षा में राज्य से 1.40 लाख 10वीं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 10046 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत अंक लिए। परीक्षा में सभी विद्यार्थियों को 30 प्रश्नों को उत्तर देने थे। इसका परिणाम शुक्रवार को जारी हुआ। शिक्षा सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि इस परीक्षा से विद्यार्थियों के उत्साह में काफी इजाफा हुआ है।
शिक्षा सचिव ने बताया कि एनटीएसई ऑनलाइन बेसलाइन परीक्षा प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की तैयारी के मद्देनजर करवाई गई। इसमें दसवीं में पढ़ते 1,40,392 विद्यार्थियों ने भाग लिया। 104 विद्यार्थियों ने 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। एनटीएसई की प्राथमिक परीक्षा में जिला पठानकोट और गुरदासपुर के सरकारी स्कूलों में पढ़ते 10वीं के 90 प्रतिशत से अधिक और फतेहगढ़ साहिब, अमृतसर, होशियारपुर और तरनतारन के सरकारी स्कूलों में दसवीं में पढ़ते 75 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
इस बेसलाइन परीक्षा में मेंटल एबिलिटी, गणित, विज्ञान और सामाजिक शिक्षा संबंधी 30 प्रश्न विद्यार्थियों को हल करने के लिए दिए गए थे। इससे अध्यापकों और स्कूल मुखियों के लिए विद्यार्थियों की प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की तैयारी के लिए विश्लेषण करना बहुत लाभप्रद रहेगा।
80 फीसदी वालों पर विशेष फोकस
80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। शिक्षा सचिव ने विद्यार्थियों के कमजोर पक्षों पर विशेष ध्यान देने के लिए जिला और ब्लॉक मेंटर को निर्देश दिए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के ग्रुप बनाकर उनको और बढ़िया तैयारी के लिए उत्साहित करने के लिए कहा है।