पोस्ट मैट्रिक वजीफा घोटाला मामले में संत समाज संघर्ष कमेटी के आह्वान पर नेशनल शिड्यूल्ड कास्टस एलायंस (एनएससीए) ने पंजाब में चक्का जाम के समर्थन की घोषणा कर दी है। एलायंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने यह घोषणा करते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार ने अनुसूचित जाति के छात्रों का भविष्य अंधकार में कर दिया है।
चंडीगढ़ प्रेस क्लब में कैंथ ने कहा कि संत समाज और सभी अनुसूचित जाति संगठनों ने 10 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पंजाब भर में चक्का जाम का कार्यक्रम तैयार किया है। उन्होंने कहा कि इस पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना से अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और धार्मिक अल्पसंख्यकों के छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्रदान होता था, लेकिन अब घोटाले ने विद्यार्थियों का भविष्य अंधेरे में झोंक दिया है।
उन्होंने कहा कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की प्रबंधन समिति के माध्यम से छात्रवृत्ति में मिलीभगत के जरिए करोड़ों के घोटाले में सरकार की भागीदारी उजागर हुई है। थर्ड पार्टी ऑडिट एंड कंट्रोलर ऑफ ऑडिटर जनरल (कैग) की रिपोर्ट सितंबर 2018 ने, घोटाले में छात्रों के नाम का उपयोग करके कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में व्यापक भ्रष्टाचार का खुलासा किया है, लेकिन कैप्टन सरकार ने कहा कि कोई घोटाला नहीं हुआ।
इतना ही नहीं, मुख्य सचिव पंजाब की रिपोर्ट के अनुसार, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के प्रबंधक और कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत करोड़ के घोटाले में शामिल नहीं थे कह कर, इन घोटालों के अपराधियों को बरी कर दिया गया है।