पंचकूलावासियों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। इसके चलते दूसरे राज्यों से पंचकूला में प्रवेश कर पाना आसान नहीं होगा। शुक्रवार को डीसीपी मोहित हांडा ने टीम के साथ जिले के बॉर्डर एरिया का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इतना ही नहीं उन्होंने बॉर्डर पर तैनात पुलिस अधिकारियों को रिस्ट्रिक्टेड एंट्री के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि बेवजह किसी भी व्यक्ति की जिले में एंट्री नहीं होनी चाहिए। यदि आदेश की अवेहलना हुई तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों को ड्यूटी के दौरान अपनी सुरक्षा का विशेष ख्याल रखने का आह्वान किया। बता दें कि अमर उजाला ने 30 अप्रैल के अंक में समाचार प्रकाशित ‘चंडीगढ़ में एकाएक बढ़े कोरोना पॉजिटिव, जिले को राहत मिलने की उम्मीद हुई कम’ को संज्ञान में लेते हुए डीसीपी ने आदेश जारी किए हैं।
किसी भी अंदरूनी रास्ते से प्रवेश नहीं
डीसीपी मोहित हांडा ने पुलिस जवानों के साथ चंडीगढ़-पंचकूला के अंदरूनी रास्तों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से कंटीले तार लगाकर इन्हें बंद करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि पंचकूला में किसी भी रास्ते से किसी भी व्यक्ति की अप्रत्यक्ष रूप से एंट्री नहीं होनी चाहिए। जिले में उसी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति मिलेगी जिसके पास प्रशासन द्वारा जारी पास होगा। इसके अलावा उस व्यक्ति को आने का कारण भी स्पष्ट करना होगा। विभाग ने सख्ती इसलिए की है क्योंकि कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति सारा खेल बिगाड़ सकता है।
बचाव के लिए बॉर्डर पर होगी थर्मल स्क्रीनिंग
कोई भी कोरोना संक्रमित शहर में प्रवेश न कर पाए, इससे बचने के लिए जल्द ही बॉर्डर पर थर्मल स्क्रीनिंग सिस्टम को शुरू किया जाएगा। इसके लिए वह डीसी मुकेश कुमार आहूजा और डीसीपी मोहिंत हांडा को पत्र लिखेंगी। स्क्रीनिंग सिस्टम के शुरू होने से बार्डर पर ही संक्रमित व्यक्ति की पहचान हो जाएगी और उसे वहीं से लौटा दिया जाएगा। - जसजीत कौर, सीएमओ